जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जयपुर पश्चिम जिले के वैशाली नगर थाना परिसर में शुक्रवार को पुलिस और कॉर्पोरेट जगत की साझी पहल के तहत व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। वैशाली नगर थाना पुलिस और जोयालुक्कास की टीम ने संयुक्त रूप से थाना परिसर तथा आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में छायादार, फूलदार और औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम का आयोजन पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता के सुपरविजन में किया गया। इस अवसर पर डीसीपी प्रशांत किरण ने कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित- जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” है। बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता हैं।
वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व वैशाली नगर थानाधिकारी आरती सिंह तंवर और जोयालुक्कास टीम के प्रतिनिधियों ने किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों, कंपनी कर्मचारियों और अन्य उपस्थित लोगों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।
थानाधिकारी आरती सिंह तंवर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों, कॉर्पोरेट क्षेत्र और आम नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है।

वहीं जोयालुक्कास टीम ने भविष्य में भी पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में पुलिस का सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के दौरान आमजन को संदेश दिया गया कि “पेड़-पौधे हैं धरती का श्रृंगार, इनके बिना जीवन है बेकार। आओ मिलकर कदम बढ़ाएं, इस धरा को फिर से स्वर्ग बनाएं।



















