अवैध गैस रिफिलिंग पर पुलिस का बड़ा अभियान: 75 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

0
33
The miscreants came on a bike and entered the house and stole the gas cylinder in broad daylight
The miscreants came on a bike and entered the house and stole the gas cylinder in broad daylight

जयपुर। खोह नागोरियान क्षेत्र में हाल ही में हुई पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड की घटना के बाद पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खोह नागोरियान थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध कारोबारों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया गया, जिसके दौरान अवैध गैस रिफिलिंग के छह ठिकानों पर कार्रवाई कर 75 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

पुलिस ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री में हुई आगजनी की घटना से संबंधित दर्ज प्रकरण संख्या 300/2026 तथा अवैध रूप से संचालित फैक्ट्रियों से जुड़े अन्य चार मामलों में वांछित आरोपियों कयूम खान, याकूब खान, फिरोज सहित अन्य की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

अभियान के तहत खोह नागोरियान गांव एवं आसपास की कॉलोनियों भावगढ़ बंध्या, खोरी रोपाड़ा, पाटियों की ढाणी, जेएनयू अस्पताल के आसपास स्थित क्षेत्रों में करीब 30 पुलिसकर्मियों की टीम ने डोर-टू-डोर सर्वे किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर संचालित गोदामों और लगभग 100 मकानों की तलाशी ली गई।

सर्वे के दौरान प्लास्टिक कबाड़, कतरन, ब्रेड-टोस्ट, फर्नीचर सहित अन्य सामानों के सात अवैध गोदाम चिन्हित किए गए, जिन्हें सील कर दिया गया। गोदाम संचालकों को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई के लिए नगर निगम और जेडीए को पत्राचार किया जाएगा।

पुलिस ने क्षेत्र में मोहल्ला समितियों की बैठकें आयोजित कर लोगों को जागरूक भी किया। बैठकों में नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने मोहल्लों और कॉलोनियों में संचालित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

खोह नागोरियान थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध कारोबार और असुरक्षित गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here