जयपुर में चेन स्नेचिंग की वारदात करने वाले दो शातिर बदमाश पंजाब से गिरफ्तार

0
105

जयपुर। राजधानी जयपुर में लगातार बढ़ रही चेन स्नेचिंग की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम(सीएसटी) ने पंजाब के पटियाला से दो शातिर चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस उर्फ परमजीत और काका के रूप में हुई है।

स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि दोनों आरोपी शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 9 जून को सोडाला थाना क्षेत्र में एक महिला की सोने की चेन तोड़ी थी। इसके बाद 10 जून को विधायकपुरी थाना क्षेत्र के पांच बत्ती इलाके तथा 11 जून को चांदपोल स्थित हनुमानजी मंदिर के बाहर भी चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 16 जून को एमआई रोड पर भी एक महिला की चेन छीनने का प्रयास किया था। लेकिन असफल रहने पर मौके से फरार हो गए थे। लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया।

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान की और उनका पीछा करते हुए पंजाब के पटियाला से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपियों से सोडाला थाना पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में शहर में हुई अन्य चेन स्नेचिंग की वारदातों के भी खुलासे होने की संभावना है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई स्पेशल सीपी ओमप्रकाश के निर्देशन एवं सुपरविजन में की गई। कमिश्नरेट पुलिस ने महिलाओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here