ऑन डिमांड दुपहिया वाहन चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

0
54
Cunning thief who stole two-wheelers on demand arrested.
Cunning thief who stole two-wheelers on demand arrested.

जयपुर। जवाहर सर्किल थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) की संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुपहिया वाहन चुराने वाले एक अंतरजिला वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपी ने पूछताछ में जयपुर शहर से एक दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) की संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुपहिया वाहन चुराने वाले एक अंतरजिला वाहन चोर राकेश मीणा (24) निवासी सूरवाल जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी जयपुर शहर में अकेले ही वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। चोरी की मोटरसाइकिलें वह अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में महज 4 से 5 हजार रुपए में बेच देता था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि कई बार लोगों की मांग के अनुसार वह विशेष मॉडल की बाइक चोरी कर उपलब्ध कराता था। आरोपी ने बताया कि मौज-मस्ती, महंगे शौक और शराब की लत पूरी करने के लिए उसने चोरी का रास्ता अपनाया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र से चोरी हुई बाइक के अलावा शास्त्री नगर, रामगंज और शिप्रापथ थाना क्षेत्रों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। एक वाहन सवाई माधोपुर पंजीयन का भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और उसके कब्जे से अन्य चोरी के वाहन बरामद होने तथा कई वारदातों के खुलासे की संभावना है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बन्ना लाल और डीएसटी के कांस्टेबल राजेश की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here