जयपुर। सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले 10 हजार रुपए के इनामी और 18 साल से फरार चल रहे आरोपित को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित फर्जी पते से पासपोर्ट बनवाकर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भागने की तैयारी में था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले 10 हजार रुपए के इनामी और 18 साल से फरार चल रहे आरोपित दिनेश कुमार जांगिड़ उर्फ राकेश कुमार जांगिड़ (48) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से सीकर जिले के कायमसर गांव का निवासी है और वर्तमान में कालवाड़ रोड स्थित कृष्णा वाटिका क्षेत्र में रह रहा था।
सदर थानाधिकारी ब्रजमोहन कविया ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और एसीपी सदर धर्मवीर सिंह के निर्देशन में एक पुलिस टीम गठित की गई और कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से धर—दबोचा।
सदर थानाधिकारी के अनुसार आरोपी वर्ष 2008-09 में सदर थाने में दर्ज चार धोखाधड़ी के मामलों में वांछित था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बेरोजगार युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठ लिए थे। मामलों में चार्जशीट पेश होने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था तथा उसके खिलाफ स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपना आपराधिक रिकॉर्ड छिपाकर सीकर के एक पते से नया पासपोर्ट बनवा लिया था और विदेश भागने की फिराक में था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य मामलों और सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार और कांस्टेबल महेंद्र कुमार की विशेष भूमिका रही।



















