एरिया डोमिनेशन अभियान: 23 साल से फरार वारंटी समेत 4 गिरफ्तार

0
42
Two notorious criminals arrested along with gamblers.
Two notorious criminals arrested along with gamblers.

जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के तहत जवाहर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 वर्ष से फरार एक स्थाई वारंटी सहित चार स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया है। वहीं विभिन्न मामलों में 36 अन्य लोगों को भी शांति भंग की आशंका के तहत गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देश पर आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सुरेंद्र सिंह बांगड़वा के सुपरविजन में जवाहर नगर थानाधिकारी सरला यादव के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने पशु चोरी के मामले में पिछले 23 वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी भजनी उर्फ भजनलाल मीना (60) निवासी बाड़ बरौंदा, दौसा को गिरफ्तार किया। इसके अलावा नासिर मोहम्मद (38), लक्ष्मण योगी (52) और ऋषि (48) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चार अन्य स्थाई वारंटों का भी निस्तारण किया है।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 36 संदिग्ध व्यक्तियों को डिटेन कर धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की। वहीं अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए सूरजपोल बाजार निवासी रवि कुमार महाजन (33) को सट्टे की खाईवाली करते हुए जुआ अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।

इसी प्रकार जवाहर नगर कच्ची बस्ती निवासी पिंटू प्रजापत (26) को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया, जिसके खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार स्थाई वारंटियों की पहचान और गिरफ्तारी में कांस्टेबल विनोद कुमार एवं बनवारी लाल की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here