हसनपुरा नाले में जाल में फंसा मिला युवक का शव

0
59

जयपुर। राजधानी जयपुर के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम हसनपुरा नाले में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम और पुलिस मौके पर पहुंची तथा करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला गया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 6:15 बजे कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि हसनपुरा नाले में एक युवक का शव जाल में फंसा हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि शव नाले में लगे जाल में फंसा हुआ था। जिससे उसे बाहर निकालने में काफी कठिनाई हो रही थी।

रेस्क्यू टीम ने करीब 30 मिनट तक अभियान चलाकर शव को सुरक्षित बाहर निकाला और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि शिनाख्त के बाद ही हो सकेगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस का मानना है कि हाल ही हुई तेज बारिश और नालों में बढ़े जलस्तर के कारण युवक बहकर यहां तक पहुंचा हो सकता है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का परिजन या परिचित पिछले कुछ समय से लापता है तो वे सदर थाना पुलिस से संपर्क कर शव की पहचान में सहयोग करें। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here