जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की बीकानेर एसयू इकाई ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, बीकानेर डिवीजन के डिप्टी जनरल मैनेजर देवेश कुमार सिंह को 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायतकर्ता की फर्म बिजली लाइन बिछाने के लिए निर्धारित स्थान पर फाउंडेशन एवं अर्थिंग का कार्य कर रही थी। आरोप है कि उक्त कार्य को सुचारू रूप से चलने देने के एवज में आरोपी ने एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान सौदा 90 हजार रुपए में तय हुआ।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरवीजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक इन्द्र कुमार व उनकी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।



















