सर्व हिन्दू समाज परिचय सम्मेलन में 90 युवक-युवतियों ने दिया परिचय

0
60

जयपुर। विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने और वैवाहिक प्रक्रिया को सरल,पारदर्शी व सुलभ बनाने के उद्देश्य से जयपुर माली (सैनी) समाज विकास आदर्श संस्था के तत्वावधान में सोडाला स्थित नारायणगढ़ पैलेस में 247 वां सर्व हिन्दू समाज विवाह योग्य युवक-युवती सामूहिक परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में विभिन्न समाजों के अभिभावकों और विवाह योग्य युवक-युवतियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। संस्था के अध्यक्ष रमेश सैनी ने बताया कि सम्मेलन को दो चरणों में आयोजित किया गया।

पहले चरण में उच्च शिक्षित युवक-युवतियों ने मंच पर आकर अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यवसाय तथा जीवनसाथी को लेकर अपनी प्राथमिकताओं का परिचय दिया, जबकि दूसरे चरण में कम शिक्षित युवक-युवतियों का परिचय कराया गया। सम्मेलन में कुल 60 युवक और 30 युवतियों सहित 90 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय दिया।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन की विशेषता इसकी सर्वसमावेशी सोच रही। इसमें सैनी, राजपुरा, सिंघी, गुर्जर, जाट, ब्राह्मण, कुमावत, कोली और बलाई सहित विभिन्न समाजों के युवक-युवतियों ने अपने अभिभावकों के साथ भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विभिन्न समाजों के योग्य परिवारों को एक ही मंच पर जोड़कर वैवाहिक संबंधों को प्रोत्साहित करना है।

आयोजकों ने बताया कि कुछ युवक-युवतियां समय पर पंजीकरण नहीं करा सके, इसलिए उनकी सुविधा को देखते हुए अगला परिचय सम्मेलन भी नारायणगढ़ पैलेस में आयोजित किया जाएगा। संस्था पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से ऐसे सम्मेलन आयोजित कर रही है, जिससे बिना फिजूलखर्ची के योग्य जीवनसाथी की तलाश में परिवारों को सहायता मिल रही है। सम्मेलन में मौजूद अभिभावकों ने संस्था के इस सामाजिक प्रयास की सराहना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here