युवा जागृति मंच ने नर्सिंग काउंसिल के खिलाफ खोला मोर्चा

0
64
Yuva Jagriti Manch launches a campaign against the Nursing Council.
Yuva Jagriti Manch launches a campaign against the Nursing Council.

जयपुर। राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर युवा जागृति मंच राजस्थान ने मंगलवार को शहीद स्मारक पर धरना-प्रदर्शन किया। मंच ने काउंसिल की रजिस्ट्रार जोइस कुरियन को पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से जांच कराने की मांग की।

मंच के संयोजक ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता और संबद्धता देने की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उनका आरोप है कि कॉलेजों के नाम एक साथ काउंसिलिंग सूची में जारी करने के बजाय कथित तौर पर जैसे-जैसे राशि आती है, वैसे-वैसे संस्थानों को सूची में शामिल किया जाता है।

मंच ने निजी विश्वविद्यालयों और संस्थानों की ओर से सरकार की एनओसी के बिना संचालित किए जा रहे कथित अवैध नर्सिंग पाठ्यक्रमों की भी जांच की मांग की। मंच का आरोप है कि इन पाठ्यक्रमों से प्रशिक्षणार्थियों से मोटी राशि वसूली गई है। इसकी भी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

युवा जागृति मंच ने चेतावनी दी कि सात दिन में एसीबी जांच के आदेश नहीं होने पर एसीबी कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना और राजभवन घेराव किया जाएगा। मंच का दावा है कि उसके पास आरोपों से संबंधित दस्तावेज, ऑडियो और लेन-देन के कथित साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें जांच एजेंसी को सौंपा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here