कांग्रेस की दो टूक: वार्ड बदला तो टिकट की दावेदारी नहीं

0
122

जयपुर। प्रदेश में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज होने के साथ ही कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि दावेदार जिस वार्ड का निवासी है,वह उसी वार्ड से पार्षद पद के लिए आवेदन कर सकेगा। दूसरे वार्ड से की गई दावेदारी पर सामान्य तौर पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस संबंध में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं।

दरअसल वार्डों के आरक्षण के चलते कई दावेदार दूसरे वार्डों से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। किसी का वार्ड महिला, ओबीसी, एससी या एसटी वर्ग के लिए आरक्षित होने पर सामान्य वर्ग के दावेदार दूसरे वार्ड से आवेदन कर रहे हैं। इसी तरह आरक्षण के कारण अन्य वर्गों के दावेदार भी वार्ड बदलकर टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।

पार्टी ने दावेदारों की संख्या सीमित करने और स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए यह व्यवस्था लागू की है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार विशेष परिस्थितियों में वार्ड बदलने की अनुमति दी जा सकती है। यदि किसी वार्ड में कांग्रेस का कोई स्थानीय दावेदार नहीं है, तभी दूसरे वार्ड के दावेदार पर विचार की संभावना रहेगी। हालांकि, ऐसे मामले बेहद सीमित रखने की बात कही गई है।

पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी कहा कि वार्ड बदलकर चुनाव लड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। जिस वार्ड में पार्टी का कार्यकर्ता रहता है, उसे ही प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान पार्षद भी दूसरे वार्ड में जाकर आवेदन करता है तो इसे उचित नहीं माना जाएगा। पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं को ही मौका दिया जाएगा।

इधर जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने मिशन-100 का लक्ष्य तय किया है। सोमवार को सुनील शर्मा ने चुनाव के लिए विभिन्न कमेटियों की घोषणा की। कैंपेन कमेटी के प्रमुख सुनील शर्मा, स्टीयरिंग कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, अनुशासन समिति के अध्यक्ष विधायक अमीन कागजी और पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष रफीक खान बनाए गए हैं।

वहीं राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष बीएम शर्मा को चुनाव घोषणा पत्र समिति की जिम्मेदारी दी गई है। सुनील शर्मा ने कहा कि जयपुर की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस इसी उम्मीद के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी ने 150 सदस्यीय जयपुर नगर निगम में 100 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।

प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। पर्यवेक्षकों को 24 से 26 अगस्त तक अपने-अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकें करने तथा 27 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकाय चुनाव के लिए 27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी है। कांग्रेस की नई गाइडलाइन के बाद अब स्थानीय दावेदारों के बीच टिकट को लेकर मुकाबला और तेज होने के आसार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here