रात में स्कूटी पर निकले कलेक्टर: नालियों से दुकानों तक देखी सफाई

0
35
Collector heads out on a scooter at night; inspects cleanliness from drains to shops.
Collector heads out on a scooter at night; inspects cleanliness from drains to shops.

जयपुर। शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने जिला कलेक्टर संदेश नायक मंगलवार देर रात सड़कों पर निकले। खास बात यह रही कि कलेक्टर सरकारी वाहन के बजाय स्कूटी से परकोटे में निरीक्षण करने पहुंचे। अजमेरी गेट से स्कूटी पर सवार होकर निकले कलेक्टर के साथ अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा रहे। एडीएम वर्मा ने स्कूटी चलाते हुए कलेक्टर को शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा कराया।

देर रात के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परकोटे के विभिन्न इलाकों में सफाई व्यवस्था देखी और मौके की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने नालियों की सफाई, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था की बीट तथा खाने-पीने की दुकानों के आसपास जमा कचरे के निस्तारण की स्थिति के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।

कलेक्टर ने निकाय चुनाव को लेकर लागू आचार संहिता और उससे जुड़े अपडेट भी अधिकारियों से लिए। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में सामने आई कमियों को लेकर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई।

सक्रिय कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं नायक

संदेश नायक की कार्यशैली को प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय और प्रभावी माना जाता है। वे लंबे समय तक मुख्यमंत्री के सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके बाद उन्हें जयपुर जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई। नायक इससे पहले भी स्कूटी पर शहर का जायजा लेने निकल चुके हैं।

देर रात उनका यह दौरा शहर की सफाई व्यवस्था की निगरानी को लेकर प्रशासन की सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी और उपायुक्त राजस्व नवीन भारद्वाज भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here