देशी कट्टे और तीन कारतूस के साथ ‘टाइगर’ गिरफ्तार

0
41
'Tiger' arrested with a country-made pistol and three cartridges.
'Tiger' arrested with a country-made pistol and three cartridges.

जयपुर। आगामी नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जयपुर पुलिस की ओर से अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘आग’ के तहत मुहाना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि जयपुर आउटर क्षेत्र में सुदूर बसी ढाणियों और कॉलोनियों में संदिग्ध व्यक्तियों के संगीन अपराधों में लिप्त होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसे देखते हुए मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार खारडिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के बारे में आसूचनाएं जुटानी शुरू कीं। टीम के हेड कांस्टेबल कानसिंह ने सूचनाओं का सटीक संकलन किया। इसके आधार पर पुलिस ने धर्मेंद्र सिंह उर्फ टाइगर (24) निवासी जनूथर जिला डीग को डिटेन किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार खारडिया के अनुसार धर्मेंद्र सिंह उर्फ टाइगर आपराधिक प्रवृत्ति का बताया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस उससे यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से खरीदा गया था और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं। पूछताछ में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त तथा अन्य आपराधिक वारदातों से जुड़े मामलों के खुलासे की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here