मंथन 2026 में रैंप वॉक पर दिखा फैशन का जलवा: ग्रुप डांस में थिरके कदम

0
30

जयपुर। पोद्दार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के पोद्दार बिजनेस स्कूल में आयोजित चार दिवसीय अंतर महाविद्यालय वार्षिक महोत्सव ‘मंथन 2026’ का समापन फैशन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। महोत्सव के चौथे दिन रैंप वॉक और ग्रुप डांस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें विभिन्न कॉलेजों की टीमों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और दर्शकों की तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम में नागरमल अग्रवाल, प्रवीण तेजरिया और दर्शन कोठारी अतिथि के रूप में शामिल हुए। पोद्दार ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आनंद पोद्दार, निदेशक यशस पोद्दार और संयोजक सरगम पोद्दार ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

रैंप वॉक में आठ टीमों के 83 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

रैंप वॉक प्रतियोगिता में आठ टीमों के कुल 83 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जेएनयू जयपुर की टीम ‘मैक्सिको-द लिविंग कैनवास’ ने 17 प्रतिभागियों के साथ रंग-बिरंगी प्रस्तुति दी। इकफाई बिजनेस स्कूल की टीम ‘अनंत साम्राज्य’ में 10 प्रतिभागियों ने अपनी थीम प्रस्तुत की। गवर्नमेंट वुमेन्स पॉलिटेक्निक कॉलेज, गांधी नगर की टीम ‘हाउस ऑफ एलेगेंस’ के 14 प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति में शालीनता और आकर्षण का परिचय दिया।

वहीं, जेवियर कॉलेज की ‘जेवियर फैशन सोसायटी’ के 15 प्रतिभागियों ने रैंप पर स्टाइल का प्रदर्शन किया। पोद्दार बिजनेस स्कूल की टीम ‘वॉक ऑफ फेम’ में 12 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि पीएमटीसी की टीम ‘इंडिया एट वन स्टेज’ के 15 प्रतिभागियों ने देश की विविध संस्कृति को एक मंच पर प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, रचनात्मक परिधानों और आकर्षक रैंप वॉक ने कार्यक्रम को फैशन शो का रूप दे दिया।

ग्रुप डांस में तीन टीमों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

ग्रुप डांस प्रतियोगिता में तीन टीमों के 27 प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इकफाई की टीम ‘बीट क्रू’ ने आठ प्रतिभागियों और दो स्वयंसेवकों के साथ ऊर्जावान प्रस्तुति दी। महारानी कॉलेज की टीम ‘नर्तना’ के सात प्रतिभागियों ने शास्त्रीय और आधुनिक नृत्य का संगम पेश किया। वहीं, पीआईसी की टीम ‘गैंग वी’ के 12 प्रतिभागियों ने ताल, लय और बेहतर तालमेल के साथ दर्शकों का मनोरंजन किया।

दोनों प्रतियोगिताओं के दौरान कॉलेज परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। शिक्षकों, आयोजकों और दर्शकों ने सभी टीमों की प्रस्तुतियों की सराहना की। चार दिवसीय महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को फैशन, नृत्य और रचनात्मकता के जरिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here