जयपुर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अल्पसंख्यक महासंघ के प्रदेश कार्यालय में अंबेडकर जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में नार्थ जोन चेयरमैन एवं प्रदेशाध्यक्ष राजपाल मीणा ने कहा कि बाबा साहेब ने पिछड़े भारत को आधुनिक भारत में बदलने की मजबूत नींव रखी। प्रदेश प्रवक्ता सुख लाल टाटू ने उन्हें लोकतंत्र का शिल्पकार बताते हुए उनके योगदान को याद किया।
युवा प्रदेशाध्यक्ष दिनेश सिंह बीरठ ने कहा कि बाबा साहेब ज्ञान के प्रतीक के रूप में विश्वभर में पहचाने जाते हैं। वहीं प्रदेश सचिव हरिमोहन टोडाभीम ने बताया कि उन्होंने संविधान के माध्यम से दलित, शोषित, वंचित, आदिवासी एवं महिलाओं को समानता और न्याय का अधिकार दिलाया।
प्रोफेसर विजय सत्तावन ने बाबा साहेब के नारी उत्थान के प्रयासों को रेखांकित करते हुए महिला सशक्तिकरण में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर रवि मीणा कठुमर, अमन जोरवाल, पुष्पेंद्र सिंह जाटव, हरिमोहन खिलचीपुर, रोहित, मेनेजर सिंह बैसला, रामावतार शेरावत और डॉ. राजेंद्र बसंल सहित कई वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों को साझा किया। कार्यक्रम में सभी ने उनके आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता व न्याय को मजबूत करने का संकल्प लिया।




















