विघ्नहर्ता की स्तुति के साथ अमरापुर में बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ

0
148

जयपुर। नन्हे बच्चों में सेवा, भक्ति एवं चरित्र निर्माण के संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से श्री अमरापुर स्थान में रविवार से 15 दिवसीय बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का आयोजन प्रातः 9 बजे दीप प्रज्वलन एवं विघ्नहर्ता भगवान गणेश की स्तुति के साथ हुआ।

शिविर का शुभारंभ पूज्य संत स्वामी मनोहर लाल महाराज, मोहन प्रकाश महाराज एवं संत मंडल के सानिध्य में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अध्यापक जितेन्द्र दाधीच वेदाचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गणेश स्तुति प्रस्तुत की।

आयोजकों ने बताया कि 31 मई तक चलने वाले इस 15 दिवसीय शिविर के लिए पंजीयन शुरू किए गए थे। रविवार सुबह तक करीब 85 विद्यार्थियों का पंजीयन किया गया।

स्वामी मोहन प्रकाश महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी को मोबाइल एवं टीवी के प्रभाव से बाहर निकालकर भारतीय संस्कृति एवं मूलभूत संस्कारों से जोड़ना आवश्यक है। इसी उद्देश्य को लेकर शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि शिविर में बच्चों को भक्ति, सेवा, योग एवं चरित्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिविर के दौरान बच्चों को सूर्य मंत्र, हनुमान मंत्र, स्नान मंत्र, हनुमान चालीसा, गुरु प्रार्थना, आध्यात्मिक प्रश्नोत्तर तथा सनातन धर्म से जुड़ी ज्ञानवर्धक बातें सिखाई जाएंगी।

शिविर में बच्चों का उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन करने के लिए शहर के कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। इनमें महेंद्र तीर्थनी, गिरधारी मनकानी, नारायण नाजवानी, ईश्वर मोरावानी, सुंदर दास, मुरली पारवानी, प्रदीप मालिक, अविनाश एवं लखन श्रद्धालु प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here