जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय के बाहर गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, छगन माहुर, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमावत, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर मदन राठौड़ ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण अवसर है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ मातृत्व सम्मान का भी प्रतीक है।
राठौड़ ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेशभर में भाजपा के जिला और मंडल स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी आमजन को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा लगाए गए पौधों के शत-प्रतिशत संरक्षण के लिए निगरानी की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।



















