गर्भवती महिला से छेड़छाड़ मामला: आरोपी जयपुर में चला रहा था हथियार तस्करी नेटवर्क

0
37

जयपुर। राजधानी में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे आदतन अपराधी राहुल घुरैया उर्फ राज को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भी खुलासा किया है। आरोपी मध्य प्रदेश का रहने वाला है और पिछले करीब ढाई साल से जयपुर में पहचान छिपाकर रह रहा था।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा के अनुसार आरोपी सांगानेर, प्रताप नगर और मानसरोवर क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों के संपर्क में था तथा उन्हें अवैध हथियार सप्लाई करता था। आरोपी जयपुर में किराए के मकान में रहकर स्पा सेंटर में काम कर रहा था, जिसकी जानकारी लंबे समय तक पुलिस को नहीं लग पाई।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हथियार हासिल करने की कोशिश में था और AK-47 खरीदने के लिए पाकिस्तान की एक वेबसाइट के संपर्क में था। वह सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो भी अपलोड करता था, जिसके चलते मध्यप्रदेश पुलिस उसकी तलाश में थी।

इस मामले का खुलासा 25 मार्च 2026 को मालवीय नगर सेक्टर-9 में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ की घटना के बाद हुआ। पीड़िता ने 26 मार्च को जवाहर सर्किल थाने में शिकायत दी थी, लेकिन प्रारंभ में मामला दर्ज नहीं किया गया। बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच तेज की गई।

दबिश के दौरान आरोपी ने मुरैना कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर लाया गया। पूछताछ में आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश में हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के कुल 33 मामले दर्ज होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अवैध पिस्टल बरामद कर दो अलग-अलग मामलों में ओमप्रकाश उर्फ ओमी बन्ना और राज अहीरवाल उर्फ छोटा राज को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा आरोपी को शरण देने के आरोप में निवाई (टोंक) निवासी शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ और बाबूलाल बराला को भी गिरफ्तार किया गया है, जो जयपुर में स्पा सेंटर संचालित कर रहे थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था और मकान मालिकों ने किरायेदार सत्यापन की प्रक्रिया का पालन नहीं किया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने किन-किन लोगों को हथियार सप्लाई किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here