जयपुर। करधनी थाना पुलिस ने एक युवती के फोटो-वीडियो को एआई तकनीक से अश्लील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और ब्लैकमेल करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास से फिल्मी स्टाइल में पीछा कर दबोचा है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि करधनी थाना पुलिस ने एक युवती के फोटो-वीडियो को एआई तकनीक से अश्लील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और ब्लैकमेल करने वाले मुख्य आरोपी निर्मल सिंह निवासी ओडकी (हिंदुमलकोट श्रीगंगानगर) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल हैंडसेट बरामद कर लिया है, जिससे अश्लील एडिटिंग और ब्लैकमेलिंग की जा रही थी। गहन अनुसंधान के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब मोबाइल के डेटा को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने किसी अन्य युवती को भी निशाना बनाया है या नहीं।
करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि गत 17 मई 2026 को पीड़िता ने करधनी थाने में मामला दर्ज कराया था कि वह फेसबुक और इंस्टाग्राम का उपयोग करती है, जहां वह अपने और परिवार के फोटो-वीडियो अपलोड करती थी। किसी अज्ञात बदमाश ने उसकी तस्वीरों और नाम का दुरुपयोग कर इंस्टाग्राम व फेसबुक पर फर्जी ग्रुप बना लिए। आरोपी ने एआई के माध्यम से पीड़िता की तस्वीरों को एडिट कर अश्लील (डीपफेक) बनाया और उन्हें पीड़िता के जान-पहचान वालों को भेजने लगा।
यही नहीं, आरोपी पीड़िता और उसके परिवार पर भद्दे कमेंट्स कर रहा था और वीडियो कॉल करने के लिए दबाव बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त (झोटवाड़ा) आलोक कुमार के सुपरविजन में एक विशेष साइबर और पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने जब तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद ली और आरोपी की लोकेशन मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत श्रीगंगानगर के भारत-पाकिस्तान बॉर्डर इलाके में स्थित हिन्दूमलकोट रवाना हुई।
जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने जाल बिछाया, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। पुलिस टीम ने बेहद सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए कई किलोमीटर तक पीछा किया और आखिरकार अंतरराष्ट्रीय सीमा (बॉर्डर) के पास से आरोपी निर्मल सिंह को दस्तयाब कर लिया।
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी सवाई सिंह, डीसीपी ऑफिस साइबर शाखा के हेड कांस्टेबल बहादुर सिंह, करधनी थाने के हेड कांस्टेबल अमित सिंह, दिलीप सिंह, कांस्टेबल किशोर सिंह और महेश कुमार की मुख्य भूमिका रही।



















