जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जयपुर मुख्यालय टीम ने कार्रवाई करते हुए एक स्वयं सेवी संस्था से जुड़ी प्लेसमेंट एजेंसी के कर्मचारी को चालीस हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक महिला से उसका अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने और पीएफ व यूएएन नंबर रजिस्टर्ड करने के नाम पर भारी-भरकम घूस मांगी थी। एसीबी की टीम ने आरोपी के चार मंजिला मकान पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी के अनुसार आरोपी अनिल ‘डायनेमिक मैनपावर सिक्योरिटी सर्विसेज’ नाम की प्लेसमेंट एजेंसी दुर्गापुरा में कार्यरत है। पीड़ित महिला को अपने पीएफ से जुड़े मामले और अनुभव प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। आरोप है कि अनिल इसके एवज में महिला से लगातार रिश्वत की डिमांड कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था।
परेशान होकर पीड़िता ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में दर्ज कराई। महिला की शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने बेहद गोपनीय तरीके से शिकायत का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि सही पाई गई। जिसके बाद आरोपी अनिल को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
आरोपी अनिल ने पीड़िता को रिश्वत की रकम लेकर अपने घर पर बुलाया था। जहां एसीबी की टीम ने नजर बनाए रखी और जैसे ही आरोपी ने अपने चार मंजिला मकान के बेसमेंट में बने ऑफिस एरिया में पीड़िता से चालीस हजार रुपए की नगद राशि ली, वैसे ही टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है।
एसीबी के अधिकारियों के मुताबिक आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर मुख्यालय लाया गया है, जहां उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में संबंधित एनजीओ या प्लेसमेंट एजेंसी के अन्य पदाधिकारियों,कर्मचारियों की संलिप्तता को लेकर भी जांच की जा रही है, जिससे इस रैकेट से जुड़े बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस नियमानुसार शाम तक आरोपी का मेडिकल कराएगी, जिसके बाद शनिवार को उसे एसीबी मामलों की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।



















