घर के बाहर से बाइक उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

0
108

जयपुर। राजधानी की ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घर के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी करने वाले शातिर वाहन चोर जतिन उर्फ तन्ना (19) को गिरफ्तार किया है। आरोपी वैदपुरी कॉलोनी, आमागढ़ का ही निवासी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। अब आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

थानाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि परिवादी दीपेंद्र बेनीवाल ने 21 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वैदपुरी कॉलोनी स्थित उसके घर के बाहर से अज्ञात चोर उसकी मोटरसाइकिल चुरा ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त (आदर्शनगर) सुश्री लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध जतिन उर्फ तन्ना को दस्तयाब कर गहन पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

इस त्वरित कार्रवाई में थानाधिकारी अरुण कुमार के साथ सहायक उप निरीक्षक कैलाश चंद, कांस्टेबल कैलाश नेहरा, सुभाष और मोहम्मद शाहीद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here