पुरुषोत्तम मास में गीता गायत्री मंदिर में गूंजेगी रामकथा की अमृतधारा

0
94

जयपुर। मंदिर श्री गीता गायत्री जी में अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के अवसर पर 17 मई से 23 मई तक मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की भव्य एवं दिव्य रामकथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का आयोजन पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में होगा।
मंदिर प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि कथा में बालक देवाचार्य महाराज व्यासपीठ पर विराजित होकर श्रद्धालुओं को राम कथा का रसास्वादन कराएंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


कथा प्रारंभ होने से पूर्व जयपुर के प्रमुख संत-महंतों के सानिध्य में मंदिर श्री रघुनाथ जी से 108 भागवत पोथियों एवं 108 कलशों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में महिलाएं पीत वस्त्र धारण कर मंगल गीत गाते हुए गीता गायत्री मंदिर पहुंचेंगी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अधिक मास, जिसे मलमास अथवा पुरुषोत्तम मास भी कहा जाता है, हिंदू पंचांग का एक अतिरिक्त महीना होता है, जो लगभग हर 32 महीने 16 दिन बाद आता है। यह महीना भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है और इसे जप, तप, दान, व्रत तथा पूजा-अर्चना के लिए अत्यंत पुण्यदायक माना गया है। मान्यता है कि इस अवधि में किए गए धार्मिक कार्यों का फल कई गुना अधिक प्राप्त होता है।


मंदिर समिति के अनुसार शुक्ल पक्ष में प्रभु श्रीराम की दिव्य कथा का आयोजन होगा, वहीं कृष्ण पक्ष में 9 जून से 15 जून तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। अधिक मास के दौरान छोटी काशी जयपुर में राम कथा और भागवत कथाओं की विशेष धूम रहेगी तथा पूरे माह धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ और भक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here