मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला को पटक कर लूटे 4.23 लाख के गहने

0
56
Elderly Woman Returning from Temple Tackled and Robbed of Jewelry Worth ₹4.23 Lakhs
Elderly Woman Returning from Temple Tackled and Robbed of Jewelry Worth ₹4.23 Lakhs

जयपुर। सोडाला थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने एक बार फिर महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जमुना नगर (सुशीलपुरा) में मंदिर से दर्शन कर लौट रही 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला को एक बदमाश ने पीछे से धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और मारपीट करते हुए उनके कानों के सोने के टॉप्स तथा गले की सोने की चेन लूटकर फरार हो गया। लूटे गए आभूषणों की कीमत करीब 4.23 लाख रुपए बताई जा रही है। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

पुलिस के अनुसार जमुना नगर निवासी संतोष अग्रवाल मंदिर में दर्शन कर अपने अपार्टमेंट लौट रही थीं। अपार्टमेंट के बाहर पहुंचते ही पीछे से आए एक युवक ने उन पर हमला कर दिया। बदमाश ने उन्हें जोरदार धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद महिला के साथ मारपीट करते हुए उनके कानों में पहने सोने के टॉप्स और गले की सोने की चेन छीन ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग महिला मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन दोपहर के समय सड़क सुनसान होने के कारण तत्काल कोई सहायता नहीं मिल सकी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पैदल ही सुशीलपुरा की ओर फरार हो गया। बाद में आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि घायल महिला का मेडिकल कराया गया है। पुलिस की कई टीमें गठित कर आसपास के इलाकों और आरोपी के भागने के संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की उम्मीद है।

वहीं घटना के बाद बुजुर्ग महिला गहरे सदमे में हैं। परिजनों के अनुसार वह भय के कारण घर से बाहर निकलना बंद कर चुकी हैं। संतोष अग्रवाल अपने नाती के साथ श्याम सदन अपार्टमेंट में रहती हैं। वारदात के बाद उनकी चारों बेटियां भी उनके पास पहुंच गई हैं।

इधर गुरुवार को सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा पीड़िता के निवास पर पहुंचे और उनका हालचाल जाना। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। विधायक ने मौके से ही सोडाला थानाधिकारी से फोन पर बात कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

विधायक शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषी को कानून के कठघरे में लाने की अपेक्षा जताई। इस दौरान वार्ड अध्यक्ष हरिनारायण मेहरा और वरिष्ठ कार्यकर्ता दीपक शर्मा भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here