रामबाग चौराहे पर छात्राओं ने संभाली ट्रैफिक की कमान

0
34
Female students took charge of traffic at Rambagh Crossing.
Female students took charge of traffic at Rambagh Crossing.

जयपुर। जयपुर पुलिस की पहल पर शनिवार को महारानी गायत्री देवी (एमजीडी) गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने रामबाग चौराहे पर यातायात संचालन में भाग लेकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। यह कार्यक्रम 59वें महानिदेशक,महानिरीक्षक पुलिस सम्मेलन-2024 की सिफारिशों के तहत स्कूली बच्चों को यातायात व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात) प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के तहत पहले छात्राओं को एमजीडी स्कूल में यातायात प्रबंधन, ई-चालान प्रणाली और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। इसके बाद 20 छात्राओं को फील्ड विजिट के तहत रामबाग चौराहे पर ले जाया गया।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि चौराहे पर छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हाथ के संकेतों से यातायात संचालन किया तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से हेलमेट पहनने, स्टॉप लाइन का पालन करने, जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन नहीं चलाने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया। उन्होंने प्लेकार्ड के जरिए भी लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात-पूर्व) डॉ. हेमंत कुमार जाखड़, सहायक पुलिस आयुक्त मुकेश चौधरी, एमजीडी स्कूल की समन्वयक अमृत राठौड़ सहित यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में यातायात अनुशासन की समझ विकसित होगी और आमजन में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here