फर्नीचर शोरूम में लगी आग: दमकल की पांच गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

0
28

जयपुर। मालवीय नगर थाना इलाके में स्थित रस्तौगी फर्नीचर गैलरी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग शोरूम की तीसरी मंजिल पर लगी, जहां सीतापुरा स्थित फैक्ट्री में तैयार होने वाला फर्नीचर स्टॉक करके रखा जाता था। आग की चपेट में आने से यहां रखा करीब 30 लाख रुपए का फर्नीचर जलकर राख हो गया। हालांकि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

मालवीय नगर थानाधिकारी गौरव प्रधान ने बताया कि देर रात शोरूम की तीसरी मंजिल से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने वहां रखे फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

शोरूम में फर्नीचर का स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैल गई और आसपास के इलाके में धुआं फैल गया। दमकल की करीब पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों की मशक्कत के बाद रात करीब साढ़े 12 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

आग से शोरूम की तीसरी मंजिल पर रखा फर्नीचर पूरी तरह जल गया। प्रारंभिक तौर पर करीब 30 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। पुलिस और दमकल विभाग की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आग लगने के पीछे का कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here