युवक की पीट-पीटकर हत्या करने वाले पिता-पुत्रों समेत चार आरोपी गिरफ्तार

0
41
Four accused, including a father and his sons, arrested for beating a young man to death.
Four accused, including a father and his sons, arrested for beating a young man to death.

जयपुर। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में दुकान के बाहर शराब पीने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। शराब पी रहे युवकों को टोकने पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया और लोहे के पाइप, सरियों व धारदार हथियारों से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय संजू शर्मा की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पिता और उसके तीन बेटों समेत चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 24 जून की रात पीसीआर के माध्यम से शिक्षा सागर कॉलोनी, गोविंदपुरा में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल संजू शर्मा को 108 एम्बुलेंस से आरयूएचएस अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान सुबह 5:23 बजे उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता कैलाश चंद शर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रिपोर्ट में बताया गया कि 23 जून रात करीब 10 बजे उनका छोटा बेटा अभिषेक घर लौट रहा था। घर के बाहर स्थित दुकान के सामने कुछ युवक शराब पी रहे थे। अभिषेक ने उन्हें वहां शराब पीने से मना किया और घर चला गया। कुछ देर बाद दुकानों के शटर पर पत्थर मारने की आवाजें आने लगीं।

जब संजू शर्मा और अभिषेक बाहर पहुंचे तो 15-20 युवक दुकानों पर ईंट-पत्थर फेंक रहे थे। संजू ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भड़क गए और हमला कर दिया। आरोप है कि सागर बैरवा और अमन बैरवा ने लोहे के पाइप से संजू के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हमले में बीच-बचाव करने आए गोरूराम मीणा, रोहित कुमावत और संजू के चचेरे भाई मंगल शर्मा भी घायल हो गए। मंगल शर्मा के सिर में गंभीर चोट आने से 11 टांके लगाने पड़े। पीसीआर वाहन को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त भवानी सिंह के निर्देशन में सांगानेर सदर थानाधिकारी अनिल जैमनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने सागर बैरवा (27), अमन बैरवा (21), विकास बैरवा (26) तथा रामस्वरूप बैरवा (48) को गिरफ्तार किया है।

वहीं वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, एएसआई जगदीश प्रसाद, कांस्टेबल हनुमान, भरत सिंह, रामावतार, प्रेम चौधरी तथा साइबर सेल के हेड कांस्टेबल लोकेश और राम सिंह की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here