ज्वैलर पर जानलेवा हमला कर दस किलो जेवरात लूटने वाली गैंग का पर्दाफाश

0
46
Gang that looted 10 kg of jewelry after a life-threatening attack on a jeweler busted.
Gang that looted 10 kg of jewelry after a life-threatening attack on a jeweler busted.

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और खोराबीसल थाना पुलिस ने नांगल लाड़ी गांव में ज्वैलर पर जानलेवा हमला कर करीब 10 किलो सोने-चांदी के जेवरात लूटने वाली अंतरजिला गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 25-25 हजार रुपए के दो इनामी बदमाशों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवरातों को गलाकर बनाई गई करीब 7 किलोग्राम चांदी की सिल्ली तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की गई है। वहीं वारदात में शामिल एक आरोपी अब भी फरार है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 3 जुलाई 2026 की रात खोराबीसल थाना क्षेत्र के नांगल लाड़ी गांव स्थित श्री श्याम ज्वैलर्स के संचालक शंकरलाल शर्मा (45) पर उस समय हमला हुआ था, जब वह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से मुण्डोता रोड स्थित अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में पीछे से आई सफेद स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।

कार से उतरे चार बदमाशों ने लाठी और सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बचाव के दौरान शंकरलाल के दोनों हाथ टूट गए, जबकि सिर, नाक और आंखों पर भी गंभीर चोटें आईं। इसके बाद बदमाश उनके गले में लटका करीब 10 किलो सोने-चांदी के जेवरात और 15 हजार रुपए नकदी से भरा बैग लूटकर मुण्डोता की ओर फरार हो गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह तथा डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। वारदात के समय घना अंधेरा और तेज बारिश होने से पुलिस के पास कोई प्रत्यक्ष सुराग नहीं था। हालांकि घटनास्थल से कार के शीशे पर लगने वाला एक पर्दा (कर्टन) मिला, जिस पर ‘स्विफ्ट रियर लेफ्ट विंडों’ का स्टीकर लगा था।

इसके आधार पर पुलिस ने करीब 50 किलोमीटर के दायरे में लगे 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक संदिग्ध स्विफ्ट कार दिखाई दी, जिसकी आगे और पीछे की नंबर प्लेट काले कपड़े से ढकी हुई थी।

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने करीब 1300 किलोमीटर तक पीछा किया और सोमवार सुबह कालवाड़ रोड-सिरसी लिंक रोड पर घेराबंदी कर कमलेश कुमार बाज्या (27) निवासी बुगालिया, कालवाड़, अशोक मीणा उर्फ गोलू (21) निवासी मीणा की ढाणी, बुगालिया तथा विशाल मीणा (20) निवासी बिचपड़ी, हरमाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वारदात के लिए उन्होंने चौमूं से स्विफ्ट कार किराये पर ली थी।

पुलिस से बचने के लिए लूटे गए जेवरातों को गला कर चांदी की सिल्ली बना दी। पुलिस ने इस सिल्ली को बरामद कर लिया है। मामले में गिरोह के तीन अन्य सहयोगियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

वहीं मुख्य सरगना कमलेश बाज्या के खिलाफ नकबजनी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित करीब 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं वारदात में शामिल जितेंद्र शर्मा उर्फ जितेंद्र कुमार शर्मा (22) निवासी बिचपड़ी, हरमाड़ा फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में लूट और अन्य संगठित आपराधिक वारदातों से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

इस ब्लाइंड केस के खुलासे में तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल दिनेश शर्मा, खोराबीसल थाने के कांस्टेबल रामसिंह तथा डीएसटी के कांस्टेबल राकेश कुमार की विशेष भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक स्वामी, हेड कांस्टेबल ख्यालीराम, कैलाश चंद, सुनील कुमार, रामेश्वर लाल, शेर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here