हाईटेक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: 10-10 हजार के दो इनामी समेत चार गिरफ्तार

0
35
High-tech interstate vehicle theft gang busted
High-tech interstate vehicle theft gang busted

जयपुर। जयपुर पूर्व जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और रामनगरिया थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हाईटेक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 10-10 हजार रुपए के दो इनामी बदमाशों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जयपुर, दिल्ली, गुजरात और उत्तराखंड से दो दर्जन से अधिक स्कॉर्पियो चोरी करना स्वीकार किया है। गिरोह चोरी की गाड़ियों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर उन्हें बाजार में बेचता था, जबकि कुछ वाहन नेपाल तक सप्लाई किए जाते थे।

डीसीपी (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि रामनगरिया थाना पुलिस और डीएसटी पूर्व ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के के मुख्य सरगना राहुल मीणा उर्फ कुंदन उर्फ राजा (26) निवासी समलेटी, महवा (दौसा), उसके सगे भाई हरेती मीणा उर्फ मोनू उर्फ दुर्रा (20), चोरी की गाड़ियां खरीदने वाले महिपाल चौधरी (35) निवासी कैलाश नगर, सीकर तथा हिमांशु देहिवाल (20) निवासी कोछोर, जीणमाता (सीकर) को गिरफ्तार किया है। राहुल मीणा पर जयपुर पूर्व और दौसा पुलिस ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। वह मध्यप्रदेश के मुरैना और दौसा के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के मामलों में भी फरार चल रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रामनगरिया और करधनी थाना क्षेत्र से चोरी की गई दो स्कॉर्पियो, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार , चार एसीएम मशीनें, चार वीसीएम मशीनें, तीन जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट तथा पेचकस, पाना, प्लास सहित वाहन चोरी में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी इन आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से वाहनों के सुरक्षा सिस्टम को बायपास कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले विभिन्न शहरों में खड़ी स्कॉर्पियो की रेकी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को सीकर ले जाकर गैराज संचालकों को दो से तीन लाख रुपए में बेच देते थे। वहां दुर्घटनाग्रस्त या पुरानी गाड़ियों के इंजन और चेसिस नंबर चोरी की गाड़ियों में फिट कर उनकी पहचान बदल दी जाती थी और बाद में उन्हें ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह ने जयपुर के अलावा दिल्ली, गुजरात और उत्तराखंड से भी दो दर्जन से अधिक स्कॉर्पियो चोरी की हैं। गुजरात से चोरी किए गए वाहनों को चित्तौड़गढ़ में खपाया जाता था, जबकि दिल्ली और उत्तराखंड से चोरी की गई गाड़ियों को साथी रिंकू लालपुर के माध्यम से नेपाल तक सप्लाई किया जाता था।

वहीं मुख्य आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसके भाई हरेती मीणा पर भी पूर्व से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।फिलहाल रामनगरिया थाना पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस को पूछताछ में वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों के खुलासे और चोरी के अन्य वाहन बरामद होने की उम्मीद है। यह कार्रवाई डीएसटी प्रभारी सुखवीर सिंह और रामनगरिया थानाधिकारी चंद्रभान के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बन्ना लाल, हेड कांस्टेबल तुलसीराम, संजय राहड़ तथा कांस्टेबल देवेंद्र, हरूराम, विजय सिंह, हेमंत और राहुल की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here