नौ साल से जरूरतमंदों की थाली भर रही हरिओम जन सेवा समिति

0
29

जयपुर। हरिओम जन सेवा समिति राजस्थान की ओर से पिछले नौ वर्षों से जरूरतमंदों के लिए संचालित मां अन्नपूर्णा दैनिक भोजन सेवा रविवार को नौ वर्ष पूरे होने पर विशेष भंडारा एवं भजन उत्सव के साथ संपन्न हुई। वीकेआईए सीकर रोड नंबर-5 स्थित शिव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भोजन सेवा, भजन-कीर्तन और मां अन्नपूर्णा की आराधना की गई।

समिति की ओर से 23 अगस्त 2017 को शुरू की गई भोजन सेवा अब संस्था की प्रमुख पहचान बन चुकी है। श्री विश्वेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक जरूरतमंदों को सम्मान पूर्वक भोजन कराया जाता है। समिति भोजन को दान के बजाय मां अन्नपूर्णा का प्रसाद मानकर परोसती है।

समिति के संरक्षक एवं संस्थापक राजेंद्र सदानंद महाराज ने कहा कि भूख केवल पेट की जरूरत नहीं, बल्कि व्यक्ति की गरिमा से जुड़ा विषय है। किसी जरूरतमंद को भोजन कराना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज गोयल ने बताया कि भोजन सेवा के साथ समिति अस्पतालों व कच्ची बस्तियों में दूध वितरण, निशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र चिकित्सा शिविर, जरूरतमंद परिवारों के आदर्श विवाह, निर्धन कन्याओं की सहायता, गंगाजल वितरण और स्वच्छता अभियान भी चला रही है।

धार्मिक यात्राओं व विभिन्न आयोजनों में सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही भोजन की बर्बादी रोकने और जूठन नहीं छोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों और मोक्षधाम में स्वच्छता अभियान भी आयोजित किए जाते हैं।

समिति ने नौ वर्ष की सेवा यात्रा को आगे बढ़ाते हुए भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सहायता के कार्यों को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here