जयपुर। मानसरोवर के मीरा मार्ग स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में चातुर्मासरत मुनि विलोक सागर महाराज और मुनि विबोध सागर महाराज के सान्निध्य में बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन युवा मंडल की ओर से आदिनाथ भवन में आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक बच्चों ने मोबाइल के दुरुपयोग से दूर रहने और संयमित जीवन जीने का संकल्प लिया।
जैन युवा मंडल अध्यक्ष पंकज काला और मंत्री अपूर्व पतंगिया ने बताया कि मीरा मार्ग, थड़ी मार्केट और मुल्तान जैन मंदिर सहित विभिन्न दिगम्बर जैन मंदिरों से बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए। नित्य मंदिर दर्शन का नियम लेने वाले बच्चों को मुनिश्री के पाद प्रक्षालन और शास्त्र भेंट करने का अवसर मिला।
धर्मसभा में मुनि विलोक सागर ने बच्चों को डिजिटल तकनीक के दुष्परिणामों से सावधान किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल संचार का साधन है, लेकिन इसका अनियंत्रित उपयोग बच्चों के मन, वचन और काया को प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने बच्चों से मोबाइल के बजाय किताबों, खेलकूद, परिवार और मंदिर दर्शन के लिए समय निकालने का आह्वान किया। मुनिश्री ने कहा कि तकनीक विकसित करने वाले कई बड़े टेक विशेषज्ञ भी अपने बच्चों के लिए तकनीक के उपयोग की सीमाएं तय करते रहे हैं। इसलिए बच्चों को मोबाइल को अपना स्वामी बनाने के बजाय उसका संयमित उपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों और अभिभावकों के लिए ‘धार्मिक हाउजी’ का आयोजन किया गया। नित्य मंदिर दर्शन और मोबाइल त्याग के प्रति बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उपहार भी वितरित किए गए। आयोजन में श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन समिति मीरा मार्ग और आदिनाथ महिला जाग्रति समिति मीरा मार्ग का विशेष सहयोग रहा।



















