जयपुर। संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत हवामहल विधानसभा क्षेत्र में रथ एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। विधायक स्वामी बालमुकुंद आचार्य महाराज ने सिर पर पावन कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की और विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की।
पौंड्रिक मंडल में ड्योढी बाजार स्थित गोविंद देवजी मंदिर से कलश यात्रा शुरू हुई। इसके बाद कंवर नगर स्थित झूलेलाल मंदिर, सुभाष चौक के काले हनुमान मंदिर, गोविंद देवजी मंदिर के समीप गुरुद्वारा साहिब और चांदी की टकसाल स्थित वाल्मीकि भगवान मंदिर में कलश का पूजन एवं स्वागत किया गया।
जलमहल मंडल में मानबाग चौराहे पर कलश पूजन के बाद कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में सर्व समाज के श्रद्धालुओं एवं प्रबुद्धजनों ने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वाल्मीकि भगवान मंदिर में वाल्मीकि समाज तथा गोरखनाथ जी और गोगाजी महाराज मंदिरों में भी कलश का विधिवत पूजन किया गया।
विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि संत रविदास महाराज का जीवन समानता, सद्भाव, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। अभियान के माध्यम से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
यात्रा में सिख, वाल्मीकि सहित विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, श्रद्धालु तथा भाजपा हवामहल विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। विभिन्न समाजों के धार्मिक स्थलों पर यात्रा के स्वागत और पूजन से सर्वसमाज के सम्मान, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।



















