गोविंद देवजी मंदिर परिसर में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन

0
117

जयपुर। जयपुर के आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर परिसर में रविवार को भक्ति और वैदिक चेतना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के पावन सानिध्य में ‘पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ’ का भव्य आयोजन किया गया। कुल 5 पारियों में आयोजित इस महायज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ भगवान को आहुतियां समर्पित कीं और विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने ठाकुर श्री राधा गोविंद देव जी, वेद माता गायत्री और गुरु सत्ता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गायत्री परिवार राजस्थान की सह समन्वयिका गायत्री कचोलिया के मार्गदर्शन में अनीता महामना, सुनीता महामना और शीला महामना ने पूरे विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया।

तीनों सगी बहनों ने मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं को यज्ञ की महत्ता समझाई, वहीं अनीता महामना ने संगतमय तबला वादन भी किया। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने अपनी भावी पीढ़ी में अच्छे संस्कारों के बीजारोपण हेतु यज्ञ स्थल पर जन्मदिन संस्कार भी संपन्न कराए। यज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत गायत्री शक्ति पीठ ब्रह्मपुरी के दिनेश आचार्य ने करीब आधे घंटे तक प्रेरणादायी प्रज्ञा गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी, जिससे पूरा प्रांगण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।

वहीं, गायत्री चेतना केंद्र (जनता कॉलोनी) की ओर से विनोद श्रीवास्तव और महर्षि श्रीवास्तव ने धार्मिक साहित्य की स्टॉल लगाई। इसमें श्रद्धालुओं को सनातन साहित्य, बलिवैश्व पात्र, प्रज्ञा पेय और शुद्ध हवन सामग्री लागत मूल्य पर उपलब्ध कराई गई।

आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में रामबाबू खंडेलवाल, महेंद्र खंडेलवाल, शीला खंडेलवाल, फूलचंद सैनी, सतीश शर्मा, ज्योति शर्मा और ज्योति सोनी सहित कई कार्यकर्ताओं ने निस्वार्थ भाव से समयदान कर सराहनीय योगदान दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here