ब्लैक फिल्म-हूटर और फर्जी नंबर प्लेट वालों पर चला पुलिस का डंडा

0
42

जयपुर। सड़क पर मनमानी अब महंगी पड़ रही है। राजस्थान पुलिस के विशेष यातायात अभियान ने ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर ऐसी लगाम कसी कि मात्र 17 दिनों में 1 लाख 37 हजार 116 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई। सबसे ज्यादा निशाना उन वाहन चालकों पर रहा, जिन्होंने अपने वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाई हुई थी।

पुलिस महानिदेशक यातायात अनिल पालीवाल ने बताया कि 4 जून से 20 जून तक पूरे प्रदेश में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना और दुर्घटनाओं की आशंका कम करना रहा।

डीजी ट्रैफिक पालीवाल ने बताया कि अभियान के दौरान 51 हजार 457 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवा कर कार्रवाई की गई। वहीं 35 हजार 206 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 19 हजार 062 वाहनों पर अनधिकृत शब्द व चिन्ह, 13 हजार 597 वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, 10 हजार 318 वाहनों पर लाल-नीली बत्ती एवं फ्लैशर और 7 हजार 476 वाहनों पर प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल को लेकर कार्रवाई की गई। आंकड़े के अनुसार पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के लगभग हर प्रमुख उल्लंघन पर समान रूप से सख्ती दिखाई।

इस अभियान के दौरान शनिवार 20 जून को भी कार्रवाई की रफ्तार कम नहीं हुई। एक ही दिन में 5 हजार 955 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई। सबसे अधिक 2 हजार 151 वाहन ब्लैक फिल्म के कारण पकड़े गए, जबकि 1 हजार 469 वाहन नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 938 अनधिकृत लेखन, 611 अवैध मॉडिफिकेशन, 455 लाल-नीली बत्ती तथा 331 प्रेशर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई के दायरे में आए।

जिलेवार प्रदर्शन में जयपुर पश्चिम ने सबसे अधिक 530 कार्रवाई कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद जयपुर ग्रामीण 362, जयपुर यातायात 344 और चित्तौड़गढ़ 264 प्रमुख रहे। इससे स्पष्ट है कि अभियान केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे प्रदेश में एक समान प्रभावी ढंग से लागू किया गया।

डीजी पालीवाल ने बताया कि नियमों का पालन केवल चालान से नहीं, बल्कि जागरूकता और सतत प्रवर्तन से सुनिश्चित होगा। इसी सोच के साथ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ताकि सड़कें सुरक्षित बनें और यातायात अनुशासित हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here