जयपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजा पार्क स्थित उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर में योगासन, प्राणायाम, ध्यान, योग प्रदर्शन एवं योग चर्चा का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि योगाचार्या सरोज शर्मा ने विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया तथा इसके लाभ बताए। विद्यालय प्रभारी वंदना मेहरोत्रा ने उनका स्वागत किया।
इसी अवसर पर आदर्श विद्या मंदिर सीबीएसई में आयोजित समर कैंप-2026 का ग्रैंड फिनाले ‘सृजनामृतम् : एक पेड़ की कहानी’ थीम पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अशोक परनामी एवं हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंद आचार्य ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। प्रबंध समिति अध्यक्ष प्रो. राजीव सक्सेना एवं सचिव संजीव भार्गव ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रिंसिपल सुनयना नागपाल ने बताया कि विद्यार्थियों ने नारी शक्ति, योग, फादर्स डे, जिम्नास्टिक्स, गायन, शिल्प प्रदर्शनी, कैलीग्राफी, संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समूह नृत्य एवं सभी विद्यार्थियों की संयुक्त प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही।
डायरेक्टर डॉ. रीता भार्गव ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर राजेश बड़गुर्जर, पुष्कर उपाध्याय, राजन सिंह, राजीव गुप्ता, अजय गुप्ता, तुलसी संगतानी, पं. राज शर्मा सहित अनेक गणमान्य जन एवं विशिष्ट अतिथि स्वाति परनामी, नीता खेतान, सुनीता राजोरिया, विष्णु चेतानी और भवानी सिंह उपस्थित रहे।



















