‘राहुल गांधी भागो मत, गृहमंत्री सदन में जवाब देंगे’: बेढ़म

0
39

जयपुर। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर युवाओं और जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उन्हें किसी मुद्दे पर चर्चा करनी है तो संसद में आकर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मांग पर केंद्रीय गृह मंत्री सदन में जवाब देने के लिए तैयार हैं, ऐसे में राहुल गांधी सदन से बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बजाय संसद में चर्चा में शामिल हों।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता में बेढ़म ने कहा कि कांग्रेस लगातार सदन की कार्यवाही बाधित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश में यह सवाल ट्रेड कर रहा है—‘राहुल गांधी भागो मत, देश के गृहमंत्री सदन में जवाब देंगे।’

बेढ़म ने राहुल गांधी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और झारखंड में युवाओं के आंदोलन को लेकर अलग-अलग रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी को युवाओं और छात्रों की इतनी चिंता है तो झारखंड में छात्रों के साथ हो रहे कथित अत्याचारों पर भी सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट करें और बताएं कि वहां मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग क्यों नहीं की।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते रहे और बाद में जंतर-मंतर पर छात्रों पर गोली चलाए जाने का दावा किया, जबकि उनके अनुसार छात्रों पर गोली नहीं चलाई गई। बेढ़म ने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों के हित में काम कर रही है तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने राहुल गांधी से युवाओं को भ्रमित करने की राजनीति छोड़कर मुद्दों पर संसद में चर्चा करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here