जयपुर। श्री शुक संप्रदाय आचार्य पीठ, श्री सरस निकुंज, दरीबा पान, सुभाष चौक में बड़े दादागुरु सरकार स्वामी सरस माधुरी शरण महाराज की 172वीं नीलमणि जन्म जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को बधाई गान उत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में सरस परिकर की ओर से होगा।
सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि सुबह 10.30 बजे श्री ठाकुर राधा सरस बिहारी जू सरकार का वेदोक्त मंत्रों से अभिषेक होगा। 11.30 बजे ऋतु पुष्पों से विशेष श्रृंगार और नूतन पोशाक धारण कर श्रृंगार आरती के दर्शन होंगे। दोपहर 12.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मंगलाचरण के साथ बधाई गान उत्सव होगा।
रात्रि 9 से 11 बजे तक बड़े दादा सरस माधुरी शरण महाराज के जीवन लीला चरित्र का डिजिटल माध्यम से दर्शन कराया जाएगा। इसके बाद सुबह 5 बजे तक अखंड रात्रि जागरण होगा, जिसमें गुरु महिमा, विनयावली और सुयश गान प्रस्तुत किए जाएंगे। महोत्सव श्रृंखला में 14 अगस्त को शाम 7 से 9.30 बजे तक भव्य झूला झांकी के दर्शन होंगे।



















