तेज रफ्तार सफारी ने स्कूटी सवार महिला को मारी टक्कर

0
44

जयपुर। मानसरोवर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक सफेद रंग की सफारी कार ने स्कूटी सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला उछलकर सड़क पर जा गिरी और उसकी जांघ की हड्डी टूट गई। घायल महिला का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। गुरुवार सुबह मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार हादसा वरुण पथ क्षेत्र में रजत पथ चौराहे के पास हुआ। गोलियांवास स्थित क्षीर सागर कॉलोनी निवासी मेवा देवी स्कूटी से चौराहा पार कर रही थीं। इसी दौरान वीर तेजाजी रोड की ओर से तेज गति से आ रही सफारी कार के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में चालक के साथ एक महिला भी बैठी थी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में मेवा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत खंडाका हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें सीके बिड़ला हॉस्पिटल ले गए। अस्पताल में उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मेवा देवी पूर्वी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत हैं। महिला की बेटी पूजा इंदौरिया ने आरोपी चालक के खिलाफ शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। परिजनों ने पुलिस से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here