जयपुर। राजस्थान में कानून—व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय स्तर पर लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेशभर में गत सप्ताह 2 दिन विभिन्न पुलिस रेंजों में व्यापक स्तर पर विशेष नाकाबंदी अभियान संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत हजारों वाहनों की जांच कर नियम उल्लंघनकर्ताओं एवं संदिग्ध गतिविधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की गई।
727 नाकाबंदी पॉइंट्स पर हुई सघन जांच
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था वी.के.सिंह ने बताया कि गत सप्ताह पहले दिन बीकानेर,जोधपुर एवं जयपुर रेंज तथा दूसरे दिन भरतपुर, उदयपुर एवं कोटा रेंज में विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रदेशभर में कुल 727 नाकाबंदी पॉइंट स्थापित कर सघन जांच की गई। इस अवधि में 16 हजार 676 दुपहिया वाहनों तथा 18 हजार 795 चौपहिया वाहनों की सघन जांच कर कार्यवाही की गई।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
एडीजी सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 262 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 1173 वाहन चालकों, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 1213 चालकों तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने वाले 75 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान बनाए गए।
नम्बर प्लेट और ब्लैक फिल्म वाले वाहनों पर कसा शिकंजा
अभियान के दौरान निर्धारित मानकों के विपरीत नम्बर प्लेट, अस्पष्ट नम्बर प्लेट अथवा ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध भी व्यापक कार्रवाई की गई। नम्बर प्लेट संबंधी नियमों के उल्लंघन के 857 प्रकरण तथा ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के 739 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं अन्य मोटर वाहन अधिनियम उल्लंघनों में कुल 2856 प्रकरण दर्ज किए गए। इस प्रकार कुल 7185 एमवी एक्ट संबंधी कार्यवाहियां की गईं।
जोधपुर और उदयपुर रेंज में सर्वाधिक कार्रवाई
रेंजवार कार्यवाही में जोधपुर रेंज में सर्वाधिक 1633 एमवी एक्ट प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि उदयपुर रेंज में 1583 तथा जयपुर रेंज में 1094 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। बीकानेर रेंज में 954, भरतपुर रेंज में 986 तथा कोटा रेंज में 935 प्रकरणों में कार्यवाही की गई।
अवैध हथियार,शराब और बजरी परिवहन पर भी कार्रवाई, 150 गिरफ्तार
अभियान के दौरान कई गंभीर आपराधिक मामलों का भी खुलासा हुआ। विभिन्न रेंजों में अवैध हथियार, मादक पदार्थ एवं आबकारी अधिनियम से संबंधित प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान 106 बीएनएसएस में 8 वाहन सीज किए गए वहीं एक्साईज एक्ट में 53, आर्मस व एनडीपीएस एक्ट में 10—10 एफआईआर दर्ज की गई। इस अवधि में विभिन्न एफआईआर व प्रकरणों में 89 तथा 170 बीएनएसएस में 161 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कोटा रेंज में अवैध धारदार हथियार के 6 प्रकरण दर्ज किए गए और लगभग 200 लीटर देशी शराब जब्त की गई, इसी प्रकार कोटा रेंज में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 75 टन काली बजरी, 4 डम्पर, 4 ट्रैक्टर, 3 पिकअप एवं 3 ट्रेलर जब्त किए गए।
आगे भी जारी रहेंगे विशेष अभियान
पुलिस महानिदेशक शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस प्रकार की सघन नाकाबंदी एवं विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखते हुए अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



















