
जयपुर। आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल 18 जुलाई (शनिवार)को पुलिस थाना प्रताप नगर में जनसुनवाई करेंगे। जनसुनवाई सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगी।
इस दौरान सांगानेर सर्किल के सांगानेर, प्रताप नगर, मालपुरा गेट और रामनगरिया थाना क्षेत्रों के परिवादियों की शिकायतें सुनी जाएंगी। पुलिस कमिश्नर मौके पर ही शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी देंगे।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जनसुनवाई का उद्देश्य संबंधित क्षेत्र के परिवादियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाना तथा पुलिस-जन संवाद को और अधिक प्रभावी बनाना है।
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल इससे पहले भांकरोटा, शिवदासपुरा, आमेर, रामगंज, चित्रकूट, मालवीय नगर, जामडोली, करधनी और बस्सी थाना क्षेत्रों में भी जनसुनवाई कर चुके हैं।
इन जनसुनवाई कार्यक्रमों के दौरान परिवादियों की शिकायतें सुनकर कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी क्रम में अब 18 जुलाई को प्रताप नगर थाने में सांगानेर सर्किल के चार थाना क्षेत्रों के परिवादियों की समस्याएं सुनी जाएंगी।


















