जयपुर। सद्भावना परिवार फाउंडेशन की ओर से राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से ‘आपणी घूमर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक घूमर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर राजस्थानी संस्कृति की जीवंत झलक पेश की।
कार्यक्रम में महिलाओं ने रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोकगीतों और घूमर की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया तथा पूरे आयोजन में राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की छटा बिखरी रही।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि घूमर राजस्थान की पहचान और गौरव का प्रतीक है, जिसकी जड़ें प्रदेश के गांव-गांव तक फैली हुई हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में आज भी यह लोकनृत्य अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘आपणी घूमर’ के माध्यम से लोक संस्कृति को संरक्षित करने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। इस तरह के आयोजन राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस कार्यक्रम में सद्भावना वूमेन फाउंडेशन की अध्यक्ष शिवकांता पांडे, सतीश शर्मा, नवीन सिंघल, मनोज पांडे, राजेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



















