जयपुर। राज्य सरकार के “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत मंगलवार को जयपुर द्वितीय क्षेत्र की खाद्य सुरक्षा टीम ने मानसरोवर स्थित मेटा बिग बाजार मार्ट पर कार्रवाई कर लोटस ब्रांड के नकली घी के पैकेट जब्त किए।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मार्ट में लोटस घी के एक लीटर और आधा लीटर के ऐसे पैकेट मिले, जो असली उत्पाद की तरह हूबहू दिखाई दे रहे थे।
संदेह होने पर मौके पर लोटस कंपनी के प्रतिनिधियों को बुलाया गया। प्रतिनिधियों ने जांच के बाद घी को नकली होने की पुष्टि की। इसके बाद नारायण विहार थाने में कॉपीराइट एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करवाई गई। साथ ही मौके पर मिले शेष माल को अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से एफएसएसए एक्ट के तहत घी के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद यादव, अवधेश गुप्ता और नंदकिशोर कुमावत शामिल रहे।



















