फरार कुख्यात चैन स्नैचर और हिस्ट्रीशीटर समेत दो स्थाई वारंटी गिरफ्तार

0
34
Two individuals with outstanding permanent warrants—including a notorious chain snatcher and repeat offender—arrested.
Two individuals with outstanding permanent warrants—including a notorious chain snatcher and repeat offender—arrested.

जयपुर। आगामी नगरीय निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जयपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे शिवदासपुरा थाने के हिस्ट्रीशीटर और कुख्यात चैन स्नैचर अर्जुन उर्फ बबलू गुर्जर सहित दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अपनी पहचान छिपाकर लंबे समय से फरारी काट रहे थे।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि जिले में वांछित अपराधियों, स्थाई वारंटियों, ईनामी बदमाशों और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस की विशेष टीम ने आसूचना तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर जाल बिछाया और दोनों स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन उर्फ बबलू गुर्जर निवासी शिवदासपुरा, जयपुर दक्षिण शामिल है। पुलिस के अनुसार अर्जुन शिवदासपुरा थाने का चिन्हित हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ जयपुर आयुक्तालय सहित अन्य जिलों के विभिन्न थानों में चैन स्नेचिंग, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कुल 49 मामले दर्ज हैं।

जवाहर सर्किल थाने में वर्ष 2009 में दर्ज वाहन चोरी के मामले में अदालत की ओर से स्थाई वारंट जारी किया गया था। इसके बाद से अर्जुन पिछले करीब 7 वर्षों से अपनी पहचान छिपाकर फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर स्थाई वारंट की तामील कराई है।

वहीं दूसरा गिरफ्तार आरोपी ओमप्रकाश प्रजापत निवासी रामनगरिया जयपुर पूर्व है। पुलिस के अनुसार ओमप्रकाश के खिलाफ जवाहर सर्किल थाने में वर्ष 2011 में लूट का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में जमानत मिलने के बाद वह लगातार अपनी पहचान छिपाकर फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस दोनों आरोपियों से फरारी के दौरान उनकी गतिविधियों और इस अवधि में की गई अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नगरीय निकाय चुनावों को देखते हुए वांछित अपराधियों और स्थाई वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में भयमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल कायम रखा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here