करौली से स्मैक लाकर जयपुर में खपाने आए दो तस्कर गिरफ्तार

0
41

जयपुर। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खोह नागोरियान थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करौली से स्मैक लाकर जयपुर में सप्लाई करने आए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 51.55 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार जब्त की है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि खोह नागोरियान थाना पुलिस और डीएसटी पूर्व ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करौली से स्मैक लाकर जयपुर में सप्लाई करने आए करौली जिले के हिंडौन सदर थाना क्षेत्र के जहानाबाद निवासी महेंद्र मीणा (28) और मासलपुर निवासी हाल मेहतापुरा कॉलोनी, हिंडौन निवासी रईस अहमद (40) को गिरफ्तार किया है। पलिस को तलाशी के दौरान महेंद्र के पास से 30.67 ग्राम और रईस के पास से 20.88 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार (आरजे-34-यूए-4001) भी जब्त कर ली। जांच में सामने आया कि महेंद्र मीणा के खिलाफ हत्या, अपहरण, जानलेवा हमला और सड़क दुर्घटना सहित चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं रईस अहमद के खिलाफ वर्ष 2014 में सोडाला थाने में एक मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से स्मैक के मुख्य सप्लायर और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी प्रकाशराम, उपनिरीक्षक उदयवीर, कॉन्स्टेबल राकेश कुमार, मंगू सिंह, सन्नी कुमार, संजय सिंह तथा डीएसटी प्रभारी सुखवीर, उपनिरीक्षक बन्नालाल, एएसआई छीतरमल, हेड कॉन्स्टेबल तुलसीराम और कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र, देवेंद्र, राजेश, हेमंत, नीरज व जितेंद्र शामिल रहे। कार्रवाई में कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here