निर्जला एकादशी पर गोविंद देव जी के दरबार में सजे जल यात्रा दर्शन

0
41
Viewing the 'Jal Yatra' at the court of Govind Dev Ji on Nirjala Ekadashi.
Viewing the 'Jal Yatra' at the court of Govind Dev Ji on Nirjala Ekadashi.

जयपुर। आराध्य देव ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देव जी महाराज में गुरुवार को निर्जला एकादशी श्रद्धा—भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर में आयोजित विशेष जलयात्रा झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रीमन्माध्व गौड़ेश्वर आचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में हुए आयोजन में भक्तों ने ठाकुरजी के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

गोविंद देवजी मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी के अनुसार निर्जला एकादशी पर ब्रह्म मुहूर्त में मंगला झांकी से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद लाल बूटियों वाली विशेष ‘नटवर वेश’ पोशाक धारण कराकर आकर्षक श्रृंगार किया गया। धूप झांकी से पूर्व ठाकुरजी को पुष्प अलंकार, मुकुट और छड़ी धारण कराई गई। जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

राजभोग झांकी के दौरान सुबह 11:15 बजे से 11:45 बजे तक विशेष जल यात्रा दर्शन कराए गए। इस दौरान ठाकुर श्री गोविंद देव जी और राधा रानी के करकमलों में सोने की पिचकारी धारण कराई गई, जिससे प्रतीकात्मक रूप से शीतल जल का छिड़काव किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए ठाकुर जी को ऋतु फल खरबूजा, तरबूज सहित विशेष ‘सिकरान पूड़ी’ का भोग अर्पित किया गया।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि जलयात्रा उत्सव श्रृंखला के अंतर्गत आगामी 29 जून को ज्येष्ठाभिषेक के विशेष दर्शन होंगे। इस अवसर पर भी श्रद्धालु सुबह 11:15 बजे से दोपहर 11:45 बजे तक विशेष झांकी के दर्शन कर सकेंगे। उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here