जयपुर। एब्डोमिनल कैंसर ट्रस्ट द्वारा फोर्टिस हॉस्पिटल और आईआईईएमआर के सहयोग से 19 मई ‘वर्ल्ड एब्डोमिनल कैंसर डे’ के तहत देश के कई शहरों में जागरूकता वॉकथॉन आयोजित की गई। इस अभियान में हजारों लोगों ने भाग लेकर पेट के कैंसर की शुरुआती पहचान, समय पर इलाज और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
जयपुर में वॉकथॉन जलेब चौक से शुरू होकर जंतर-मंतर, सिटी पैलेस, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़ और हवा महल होते हुए पुनः जलेब चौक पहुंची। प्रतिभागियों ने पर्पल टी-शर्ट पहनकर कैंसर जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मनाभ सिंह, संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा, वर्ल्ड एब्डोमिनल कैंसर डे के संस्थापक डॉ. संदीप जैन, फोर्टिस हॉस्पिटल के डॉ. मनीष अग्रवाल, जयपुर रनर्स क्लब के प्रवीन तिजारिया एवं रवि गोयनका सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डॉ. संदीप जैन ने कहा कि पेट के कैंसर के प्रति जागरूकता की कमी अभी भी बड़ी चुनौती है और नियमित जांच व स्वस्थ जीवनशैली ही इसकी रोकथाम का सबसे प्रभावी तरीका है। वहीं पंडित सुरेश मिश्रा ने शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।
आयोजकों ने बताया कि 19 मई को जयपुर के हॉलिडे इन में प्रिवेंटिव जीआई ऑन्कोलॉजी पर राष्ट्रीय स्तर की पैनल चर्चा आयोजित होगी, जिसमें देशभर के विशेषज्ञ कैंसर की शुरुआती पहचान, एआईआधारित तकनीक और आधुनिक जांच पद्धतियों पर चर्चा करेंगे।
विशेषज्ञों के अनुसार एब्डोमिनल कैंसर में पेट के भीतर होने वाले गैस्ट्रिक, लिवर, पैंक्रियाटिक, कोलन, गॉल ब्लैडर और ओवेरियन कैंसर शामिल हैं। समय पर जांच और जागरूकता से इनका प्रभावी उपचार संभव है।



















