जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को प्रतापगढ़ जिले में कार्रवाई करते हुए पटवारी मदन लाल को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी पटवार हल्का केलामला में पदस्थापित है और ग्राम पंचायत रोहणिया, तहसील पीपलखूंट का अतिरिक्त चार्ज भी संभाल रहा था।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के अनुसार प्रतापगढ़ एसीबी चौकी पर परिवादी ने शिकायत दी थी कि पटवारी मदन लाल उसके गांव के लोगों, परिवादी और उसके परिवार के सदस्यों से पट्टे ऑनलाइन करने और मौका देखने की एवज में प्रति पट्टा 2 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। परिवादी के परिवार के तीन पट्टे होने के कारण आरोपी ने कुल 6 हजार रुपए की मांग की थी।
शिकायत के बाद एसीबी ने रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया। इसमें आरोपी पटवारी द्वारा तीनों पट्टों को ऑनलाइन करने और मौका देखने के लिए प्रति पट्टा 2 हजार रुपए के हिसाब से कुल 6 हजार रुपए की रिश्वत मांगना प्रमाणित हुआ। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
एसीबी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ विक्रम सिंह के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी मदन लाल को परिवादी से 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप कार्रवाई के बाद एसीबी टीम ने आरोपी की तलाशी ली। उसके पास से 25,068 रुपए मिले। एसीबी के अनुसार आरोपी इस राशि के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। रकम के स्रोत और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


















