जयपुर में अवैध गैस कारोबार पर कार्रवाई करते हुए किए 66 सिलेंडर जब्त

0
60
66 cylinders seized during a crackdown on the illegal gas trade in Jaipur.
66 cylinders seized during a crackdown on the illegal gas trade in Jaipur.

जयपुर। घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 66 गैस सिलेंडर, चार बांसुरियां और एक रेगुलेटर सहित रबर पाइप जब्त किए।

संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
राज्य सरकार एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देश पर जिला कलेक्टर संदेश नायक के निर्देशन और जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में गठित सतर्कता दल ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की।

सतर्कता दल ने खो नागोरियान थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में देविका नगर, बंध्या रोड क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग की पुष्टि होने पर 45 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा चार बांसुरियां जब्त कीं। इसी क्षेत्र में ऑटो रिक्शा के माध्यम से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 12 घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए।

इसके अलावा झारखंड मोड़, खातीपुरा स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की पुष्टि होने पर नौ घरेलू गैस सिलेंडर, एक रेगुलेटर और रबर पाइप जब्त किया गया।

जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 66 गैस सिलेंडर, चार बांसुरियां और एक रेगुलेटर जब्त किए गए हैं तथा आरोपियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का ‘ऑपरेशन प्रवर्तन’ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण तथा कालाबाजारी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग, भंडारण या कालाबाजारी की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई कर जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here