जयपुर। कालवाड़ थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य वाहन चोर और चोरी की बाइक खरीदकर ठिकाने लगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि कालवाड़ थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले मुख्य आरोपी राहुल मीणा (23 ) निवासी जोबनेर जिला जयपुर और सुरेश कुमार भौचल्या (31) निवासी रेनवाल जिला जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राहुल मीणा मास्टर चाबी की मदद से बाजारों और सुनसान स्थानों से चंद सेकंड में बाइक चोरी कर लेता था। इसके बाद वह चोरी की बाइकें सुरेश कुमार भौचल्या को सस्ते दामों में बेच देता था।
सुरेश कुमार भौचल्या इन वाहनों को चाकसू और नांगल सिरस क्षेत्र के जंगलों व सुनसान स्थानों पर छुपाकर रखता था, ताकि बाद में उन्हें खपाया जा सके। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में जयपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुई कई अन्य वाहन चोरियों के मामलों का भी खुलासा हो सकता है।



















