21 कुंडीय महायज्ञ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

0
32

जयपुर। धार्मिक आस्था, गौसेवा और वैदिक परंपराओं के संगम स्वरूप आयोजित 21 कुंडीय श्रीराम गौ पुष्टि महायज्ञ श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हुआ। महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, गो भक्तों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर यज्ञ में आहुतियां अर्पित की तथा धर्म लाभ प्राप्त किया।

यज्ञाचार्य पंडित प्रमोद शास्त्री ने बताया कि महायज्ञ का आयोजन वैदिक रीति-रिवाजों एवं मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया। महायज्ञ के प्रमुख यजमान कमलेश तिवाड़ी एवं कंवर पाल सिंह रहे, जिन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर यज्ञ में पूर्णाहुति दी।

महायज्ञ को संत-महात्माओं का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर गणेश दास महाराज (अयोध्या), हीरापुरी महाराज (बड़ी डूंगरी), परशुराम दास सरना तथा सर्वेश्वर शरण दास महाराज सहित अनेक संतों ने श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति एवं गौ संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गोभक्त शामिल हुए। महायज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें देसी घी के लड्डू, भुजिया, पूड़ी एवं सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों के अनुसार भंडारे में 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

महायज्ञ के सफल आयोजन में अशोक टेलर, अशोक जाट, बनवारी अग्रवाल, रामेश्वर यादव एवं नेकीराम स्वामी सहित अनेक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
संतों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं तथा गौ संरक्षण और भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here