अहिंसा और शाकाहार का संदेश लेकर 17 जून को रवाना होगी 12 दिवसीय जैन तीर्थ यात्रा

0
40
A 12-day Jain pilgrimage carrying the message of non-violence and vegetarianism will set out on June 17.
A 12-day Jain pilgrimage carrying the message of non-violence and vegetarianism will set out on June 17.

जयपुर। श्री दिगम्बर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर के तत्वावधान में भगवान महावीर के सिद्धांतों, अहिंसा और शाकाहार के प्रचार-प्रसार के लिए 17 से 28 जून तक 12 दिवसीय धार्मिक यात्रा आयोजित की जाएगी। यात्रा के पोस्टर का विमोचन बड़ के बालाजी स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर चंद्रप्रभु जी में भामाशाह अशोक पाटनी (आरके मार्बल्स) ने किया।

आचार्य वर्धमान सागर महाराज ने यात्रा के लिए आशीर्वाद देते हुए कहा कि धार्मिक यात्राएं और पदयात्राएं जैन संस्कृति के संरक्षण एवं धर्म प्रभावना का सशक्त माध्यम हैं। संघ के संरक्षक सुभाष चंद जैन ने बताया कि यात्रा भक्ति, साधना, तीर्थदर्शन और आत्मिक उन्नति का संगम होगी।

मुख्य संयोजक सुरेश ठोलिया ने बताया कि यात्रा दल 17 जून को सायंकाल भट्टारकजी की नसियां से वातानुकूलित बसों द्वारा रवाना होगा। प्रचार संयोजक विनोद जैन कोटखावदा के अनुसार यात्रा कौसमा, प्रभाष गिरी, कौशांबी, मंदारगिरी, सम्मेद शिखरजी, चम्पापुर, गुणावा, नवादा, पावापुरी जल मंदिर, कुंडलपुर, नालंदा, राजगीर, बोधगया, कोल्हुआ पहाड़, अयोध्या, अहिच्छेत्र पार्श्वनाथ और मथुरा चौरासी सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन कर 28 जून को जयपुर लौटेगी।

यात्रा के दौरान जैन धर्म के 20 तीर्थंकरों की निर्वाण स्थली शाश्वत सिद्ध क्षेत्र श्री सम्मेद शिखरजी में 27 किलोमीटर की पर्वत वंदना भी की जाएगी। संयोजक सूर्य प्रकाश छाबड़ा ने बताया कि यात्रा में अभिषेक, शांतिधारा, सामूहिक पूजा-अर्चना, पर्वत वंदना, दिगम्बर जैन संतों के दर्शन एवं प्रवचन के साथ भगवान महावीर के सिद्धांतों तथा अहिंसा-शाकाहार का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में विवेक काला, विनोद जैन कोटखावदा, जिनेंद्र जैन, प्रदीप जैन, मनीष बैद, राजेश रावका, कुशल ठोलिया, सुभाष बज, कमल वैद, भारतभूषण जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here